दीपका और कोरबा पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सात गिरफ्तार, 174 लीटर शराब और गांजा जब्त

कोरबा। दीपका और कोरबा पुलिस ने नशे के कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाकर कड़ा प्रहार किया है। दीपका पुलिस ने ज्योति नगर बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में नशे के कारोबार में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुजीत कुमार सिंह, दीनानाथ यादव, देवव्रत साहू, छेदीलाल डाकुआ, बजरंग सोनी, मनोज कुमार पांडे और प्रीति मरकाम शामिल हैं।

पुलिस ने इस कार्रवाई में पौवा देसी प्लेन शराब, 9 लीटर कच्ची महुआ शराब और मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि यह अभियान सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने और अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाया गया। ज्योति नगर बस्ती के सामुदायिक भवन में नशेड़ियों द्वारा गांजा पीकर उत्पात मचाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, कोरबा पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई की। जिले के कटघोरा, उरगा और पाली क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान में 165 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 16,640 रुपये है। इस कार्रवाई में सुंद देवांगण, समारू यादव, पप्पू कुमार चौहान और प्रीति मरकाम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। जब्त शराब और आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

कोरबा पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर सख्त निगरानी रखने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।