अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई, आमापाली में आबकारी टीम पर हमला, सेंद्रीपाली में ग्रामीणों संग पुलिस की सख्ती

कोरबा जिले में अवैध महुआ शराब की बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई तेज हो गई है। ग्रामीणों की शिकायतों के बाद उरगा और करतला थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाइयों में जहां एक ओर शराब जप्त की गई, वहीं दूसरी ओर आबकारी टीम पर हमले की घटना ने सनसनी फैला दी।

आमापाली में आबकारी टीम पर हमला

उरगा थाना क्षेत्र के आमापाली गांव में अवैध महुआ शराब की बिक्री की सूचना पर आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। शंकर खड़िया के घर से 22 लीटर महुआ शराब जप्त की गई। जब टीम उसे हिरासत में लेकर वाहन में बैठा रही थी, तभी खड़िया के परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

इस दौरान एक महिला नगरसैनिक रंजीत बघेल के साथ धक्का-मुक्की और हुड़दंग की गई। आबकारी टीम को शंकर खड़िया को छोड़कर वहां से वापस लौटना पड़ा। आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि इस घटना की शिकायत उरगा थाना में दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सेंद्रीपाली में ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

करतला थाना क्षेत्र के सेंद्रीपाली गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर सोमवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन आबकारी विभाग और करतला थाना पुलिस की संयुक्त टीम को गांव भेजा। ग्रामीणों के सहयोग से अवैध शराब बिक्री करने वाले घरों को चिन्हित किया गया।

पुलिस ने संबंधित लोगों को शराब निर्माण और बिक्री बंद करने की सख्त हिदायत दी। इस दौरान कुछ स्थानों पर विवाद की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में हालात नियंत्रित रहे। कार्रवाई में जंगलों से भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब, लहान और शराब बनाने की सामग्री जप्त कर नष्ट की गई।

प्रशासन की सख्ती जारी

आबकारी विभाग और पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और तेज करने की बात कही है। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन इस गैरकानूनी कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है।