कोरबा । रवि शंकर शुक्ला नगर में ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय व्यापारी उत्तम चंद्र गोयल ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट से प्रोटीन पाउडर ऑर्डर किया, लेकिन डिलीवरी में प्रोटीन पाउडर के बजाय गेहूं और चावल का मिलावटी आटा मिला। इस घटना से नाराज गोयल ने उपभोक्ता फोरम और खाद्य विभाग में शिकायत दर्ज की है।
दोबारा ऑर्डर में भी धोखा
उत्तम चंद्र गोयल ने बताया कि पहली घटना के बाद उन्होंने धोखाधड़ी को साबित करने के लिए उसी प्रोडक्ट का दोबारा ऑर्डर दिया। जब डिलीवरी स्टाफ दोबारा सामान लेकर पहुंचा, तो उनके सामने पैकेट खोला गया, जिसमें फिर से मिलावटी आटा ही निकला। गोयल ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया ताकि लोग सतर्क हो सकें। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान, बोलबम ट्रेडर्स, को इस धोखाधड़ी से 5 से 6 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
डिलीवरी स्टाफ ने भी जताई हैरानी
डिलीवरी बॉय नवजीत सिंह ने बताया कि वह कंपनी से प्राप्त सामान की डिलीवरी करने आया था। पैकेट खोलने पर उसमें आटा निकलने की बात सामने आई, जिसकी शिकायत उन्होंने कंपनी और संबंधित एजेंसी को दी है।
ऑनलाइन शॉपिंग पर उठे सवाल
गोयल ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए लोगों को सलाह दी है कि वे फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों से सामान मंगाने से बचें। उन्होंने कहा, “ऐसी धोखाधड़ी के मामले बार-बार सामने आ रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं का भरोसा टूट रहा है।” इस घटना ने एक बार फिर ई-कॉमर्स कंपनियों की जवाबदेही और उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है।
उपभोक्ता फोरम और खाद्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए उपभोक्ताओं को सतर्क रहने और ऑनलाइन खरीदारी में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















