जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में शराब भट्टी में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी आशीष उर्फ अस्सु ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, और उसका गुंडा-बदमाश फाइल भी तैयार किया गया है।
शराब भट्टी में हंगामा
जानकारी के अनुसार, कोटमीसोनार निवासी आशीष उर्फ अस्सु ठाकुर 20 अगस्त 2025 को शाम करीब 5:00 बजे नशे की हालत में अकलतरा शराब भट्टी पहुंचा। उसने भट्टी में घुसकर सेल्समैन और मैनेजर से शराब और पैसे की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसने काउंटर के अंदर घुसकर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
शराब भट्टी के कर्मचारी मुकेश कुमार नायक की शिकायत पर अकलतरा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी आशीष ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, आशीष उर्फ अस्सु ठाकुर के खिलाफ जुआ एक्ट, एससी-एसटी एक्ट सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। उसके खिलाफ पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है, लेकिन उसका व्यवहार सुधरने का नाम नहीं ले रहा। इस कारण पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा-बदमाश फाइल तैयार की है।
पुलिस की सख्ती
अकलतरा पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर यह संदेश दिया है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















