सर्वमंगला मेन रोड से स्कूटी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

कोरबा। सर्वमंगला मेन रोड से एक चोर ने एक स्कूटी की चोरी को अंजाम दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बुधवार तडक़े लगभग 3:49 बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया।

सर्वमंगला रोड में संचालित शिवम इंटरप्राइजेज हार्डवेयर की दुकान के सामने छविराम पाल ने अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी-12एके-6657 को खड़ी किया था। रात करीब 3:45 बजे यहां एक शख्स पहुंचा और स्कूटी का अवलोकन किया, फिर कुछ दूर आगे बढ़ा और अंदर की तरफ मुडक़र कुछ देर बिताने के बाद संभवत: स्कूटी की चाबी लेकर लौटा और फिर इधर-उधर देखते हुए स्कूटी को धकेल कर कुछ दूर आगे जाने के बाद चालू कर रफू चक्कर हो गया।

यह सारा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। रिकॉर्ड वीडियो के साथ छविराम पाल ने सूचना पुलिस में देते हुए चोर की धर पकड़ और स्कूटी वापस दिलाने के संबंध में गुहार लगाई है।