मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार शाम मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के रेतेगांव कारेकट्टा पहाड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य और आरकेबी डिवीजन कमेटी का संस्थापक विजय रेड्डी मारा गया।
विजय रेड्डी पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 25 लाख, आंध्र प्रदेश में 20 लाख, तेलंगाना में 20 लाख और महाराष्ट्र में 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसका कुल मूल्य 90 लाख रुपये था। मुठभेड़ के बाद रेड्डी की जेब से उसकी पत्नी रूपी उर्फ माधवी रेड्डी, जो माड क्षेत्र की मेडकी एलोएस कमांडर है, का फोटो बरामद हुआ।
यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था, जिसमें भारी बारिश के बीच डीआरजी और 27वीं बटालियन इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद जंगल में तलाशी अभियान के दौरान रेड्डी का शव बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह ने बताया कि यह नक्सल विरोधी अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

