जिले ने संपूर्णता अभियान में लगाई लंबी छलांग, कोरबा ब्लॉक को सिल्वर, पोड़ी उपरोड़ा को कांस्य पदक

कोरबा। संपूर्णता अभियान में कोरबा जिले से लंबी छलांग लगाई। कोरबा आकांक्षी ब्लॉक 6 में से 5 संकेतकों में शत प्रतिशत व पोड़ी उपरोड़ा आकांक्षी ब्लॉक 6 में से 4 संकेतकों में शत प्रतिशत उपलब्धि अर्जित करने में सफल रहा। कोरबा ब्लॉक को सिल्वर मेडल एवं पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक को कांस्य पदक प्रदान किया गया।

नीति आयोग के तत्वावधान में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया।

मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री  लखनलाल देवांगन रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कोरबा जिला, कोरबा एवं पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉकों के प्रयासों से आकांक्षी जिला श्रेणी में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। यह उपलब्धि विभागीय टीमों के परिश्रम और सामूहिक समर्पण का परिणाम है। हमें सतत प्रयास कर कोरबा को आकांक्षी जिला श्रेणी से बाहर लाकर विकसित जिलों में शामिल करना है।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का क्षण है। एक समय आकांक्षी जिलों की सूची में कोरबा 73वें स्थान पर था, आज यह रजत पदक प्राप्त कर रहा है।

विधायक पाली तानाखर तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने सफलता के लिए बधाई दी। कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि टीम भावना से काम करने पर हमेशा अच्छे परिणाम सामने आते हैं, इस बात को हमे याद रखना होगा।

समारोह में  महापौर नगर निगम कोरबा श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह,सहित अन्य  जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधन दिया एवं सम्मानित अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।