यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, इतवारी बाजार मार्ग पर अवैध पार्किंग और होर्डिंग्स पर चालानी कार्रवाई

कोरबा में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात डीएसपी डीके सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त रूप से इतवारी बाजार मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान अवैध पार्किंग करने वाले चार पहिया और दोपहिया वाहनों के साथ-साथ अनियमित होर्डिंग्स लगाने वाली दुकानों पर चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी जारी रहेगा। नगर निगम की टीम ने बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन न करने वाली कई दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई

ट्रैफिक डीएसपी डीके सिंह ने बताया कि कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम को शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने और अतिक्रमण हटाने का जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग और अनधिकृत होर्डिंग्स लगाने वाले व्यवसायियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा।

कार्रवाई में शामिल रही टीमें

इस कार्रवाई में नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी श्री गोयल, अविनाश शुक्ला, यातायात निरीक्षक तेज सिंह यादव, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, दिलचंद खूंटे, अरुण और लीलाधर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।

यह संयुक्त कार्रवाई शहर में यातायात को सुगम बनाने और अनधिकृत अतिक्रमण को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे बाजार क्षेत्र में व्यवस्था में सुधार होगा।