भ्रष्टाचार के खिलाफ मो. न्याज नूर आरबी की मंत्रियों से सख्त कार्रवाई की मांग

कोरबा। भाजपा प्रदेश लोकसभा प्रभारी और मोदी मित्र मोहम्मद न्याज नूर आरबी ने कोरबा जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन को मार्मिक पत्र सौंपा।

पत्र में जिले की विभिन्न समस्याओं, विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना और जिला अस्पताल (वर्तमान में मेडिकल कॉलेज) में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को उजागर किया गया।

मो. न्याज नूर ने कहा कि कोरबा, जो आकांक्षी जिलों में शामिल है, में विकास की अत्यधिक आवश्यकता है।

हालांकि, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री आवास योजना, में भ्रष्टाचार के कारण गरीबों के पक्के मकान का सपना अधूरा रह गया है।

रामपुर विधानसभा के आदिवासी बाहुल्य नकिया ग्राम में सुविधाओं की कमी और निगरानी के अभाव में कई मकान निर्माणाधीन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आवास मित्र श्रीमती फूलकेरिया प्रति जियोटैग के लिए 1000 रुपये की रिश्वत मांग रही हैं।

इसके अलावा, जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार के मामले भी सामने आए हैं, जिसमें डॉ. गोपाल कंवर पर फर्नीचर, कूलर की फर्जी मरम्मत और भोजन टेंडर में अनियमितता के आरोप शामिल हैं।

मो. न्याज ने कहा कि ये भ्रष्टाचार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन वाली सरकार की छवि को धूमिल कर रहे हैं।

उन्होंने उपमुख्यमंत्री साव और मंत्री देवांगन से तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगे और सरकार की छवि सुधरे।

पत्र के साथ भ्रष्टाचार के सबूत के रूप में तीन फोटोग्राफ और समाचार पत्रों की कतरनें भी संलग्न की गई हैं। इस पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश भाजपा कार्यालय, रायपुर को भी भेजी गई है।