कोल इंडिया देगी अधिकारियों को स्मार्टफोन खरीदने के लिए राशि, सर्कुलर जारी

कोरबा। कोल इंडिया ने अपने अधिकारियों को स्मार्टफोन खरीदने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके लिए कंपनी ने अपनी सभी अनुषंगी इकाइयों, जिसमें साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) शामिल है, को सर्कुलर जारी कर निर्देश दिए हैं। इस फैसले से कोल इंडिया के अधिकारी उत्साहित हैं।

स्मार्टफोन खरीद के लिए मिलेगी राशि

कोल इंडिया के अधिकारियों ने लंबे समय से अन्य महारत्न कंपनियों की तर्ज पर मोबाइल फोन सुविधा की मांग की थी। कोल इंडिया बोर्ड की 472वीं बैठक में इस मांग को मंजूरी दी गई। 11 जुलाई से लागू इस निर्णय के तहत अधिकारियों को स्मार्टफोन खरीदने के लिए अग्रिम राशि दी जाएगी। इस सुविधा से दैनिक संचार, विभागीय समन्वय और फील्ड कार्यों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग में सुधार होगा, जिससे कार्य कुशलता और जवाबदेही बढ़ेगी।

राशि और नियम

ई-3 ग्रेड तक के अधिकारियों को 30,000 रुपये।

ई-4 से ई-6 ग्रेड के अधिकारियों को 40,000 रुपये।

ई-7 और ई-8 ग्रेड के अधिकारियों को 50,000 रुपये।

ई-9 ग्रेड के अधिकारियों को 60,000 रुपये।

सुविधा का लाभ लेने के लिए ब्रांडेड कंपनी का फोन खरीदना अनिवार्य है। ऑनलाइन खरीदारी में फोन कंपनी के नाम से खरीदा जाएगा। अग्रिम राशि लेने पर एक माह के भीतर बिल जमा करना होगा, अन्यथा तीन माह के भीतर बिल जमा कर राशि प्राप्त की जा सकती है। ई-2 या उससे नीचे के नए या स्थानांतरित अधिकारियों को सेवा पुष्टि के बाद यह सुविधा मिलेगी।

अधिकारियों में उत्साह

कोयला अधिकारियों ने प्रबंधन के इस निर्णय का स्वागत किया है। इस सुविधा से कार्यक्षमता में सुधार के साथ-साथ आधिकारिक कार्यों में तकनीकी सहायता मिलने की उम्मीद है।