निगम आयुक्त ने भ्रष्टाचार पर सख्ती बरतते हुए वाहन शाखा प्रभारी को हटाया, नस्ती प्रणाली में किया सुधार

कोरबा।नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इस कड़ी में उन्होंने वाहन शाखा प्रभारी भूषण उरांव को हटा दिया है और वाहन शाखा का प्रभार अधीक्षण अभियंता सुरेश बरुआ को सौंपा है।

वाहन शाखा प्रभारी पर कई गंभीर आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है। आयुक्त ने आदेश जारी कर सुरेश बरुआ को वाहन शाखा की जिम्मेदारी उनके अन्य दायित्वों के साथ सौंपी है। इसके अलावा, आयुक्त ने वाहन, निर्माण, जल प्रदाय और विद्युत शाखा में नस्ती प्रस्तुतीकरण की प्रणाली में बदलाव कर फाइल निपटान प्रक्रिया को तेज करने का निर्णय लिया है।

पहले से चली आ रही नस्ती प्रणाली में एक अनावश्यक चरण को हटाकर फाइलों के निपटान में होने वाली देरी को कम किया गया है। आयुक्त के संज्ञान में यह बात आई थी कि फाइलों के लटकने से भुगतान में देरी होती है, जिससे कार्य प्रभावित होते हैं और आर्थिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इस समस्या के समाधान के लिए नस्ती प्रस्तुतीकरण में सुधार के आदेश जारी किए गए हैं, जो फिलहोग कुछ विभागों पर लागू होंगे, जबकि शेष विभागों में यथावत व्यवस्था रहेगी।

आयुक्त पाण्डेय का यह कदम निगम में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस सुधार से न केवल प्रशासनिक प्रक्रियाएं तेज होंगी, बल्कि भ्रष्टाचार पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।