हसदेव बांगो बांध का जलस्तर 131 मीटर तक पहुंचा, बारिश से जलप्रपात क्षमता में वृद्धि

कोरबा। कोरिया और कोरबा जिले में हाल की बारिश के सकारात्मक प्रभाव से बहुउद्देशीय हसदेव बांगो बांध परियोजना का जलस्तर अब 131 मीटर तक पहुंच गया है। इससे बांध की जलप्रपात क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

इस वर्ष ग्रीष्मकाल में रवि फसल के लिए पहली बार बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा गया था। वर्ष 2000 के बाद पहली बार बांध में केवल 26% पानी शेष रह गया था, जिसके बाद यह चिंता जताई जा रही थी कि यदि 2025 में बारिश पर्याप्त नहीं हुई तो पानी छोड़ने की सुविधा प्रभावित हो सकती है। हालांकि, जून से अब तक हुई बारिश के कारण बांध में जलस्तर 31% तक पहुंच गया है।

बांध परियोजना के कार्यपालन अभियंता अरविंद नीखरा ने बताया कि वर्तमान में जल भराव स्तर 131 मीटर है, और 145 मीटर तक जलस्तर पहुंचने पर पानी छोड़ने की स्थिति बनेगी।

विश्व बैंक के सहयोग से पूर्ववर्ती मध्य प्रदेश सरकार द्वारा निर्मित हसदेव बांगो बांध परियोजना 1992 में पूरी हुई थी। तब से यह कोरबा, जांजगीर-चांपा और शक्ति जिलों में उद्योगों, कृषि और नागरिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए महत्वपूर्ण स्रोत बना हुआ है।