कोरबा जिले के विभिन्न इलाकों में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे तितलियों के झुंड ने लोगों का ध्यान खींचा। खेतों और शहरी क्षेत्रों में आसमान में उड़ती तितलियों की भारी संख्या ने न केवल लोगों को आश्चर्यचकित किया, बल्कि असमंजस की स्थिति भी पैदा कर दी। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में तितलियों का झुंड देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस अनोखे नजारे को देखने के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए और इसे अपने फोन में कैद करने लगे।
वन्यजीव बोर्ड के सदस्य और तितली विशेषज्ञ गौरव नेहलानी ने इस घटना के पीछे के वैज्ञानिक कारणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसून के आगमन के साथ वनस्पतियों में वृद्धि होती है, जो तितलियों के लिए भोजन और आश्रय का प्रमुख स्रोत बनती है। ये तितलियां मुख्य रूप से लाइम बटरफ्लाई प्रजाति की हैं, जिनमें लाइम स्वालोटेल और एमिग्रेंट तितलियां शामिल हैं। ये प्रजातियां मानसूनी पौधों पर निर्भर रहती हैं।
नेहलानी ने आगे बताया कि बारिश के बाद बढ़ी आर्द्रता तितलियों के अंडे, कैटरपिलर और प्यूपा के विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करती है। इस कारण तितलियों की संख्या में तेजी से वृद्धि होती है। उन्होंने कहा, “यह प्रकृति का एक खूबसूरत नजारा है, जो पर्यावरण के बदलते मिजाज को दर्शाता है।”
स्थानीय लोगों ने इस दृश्य को “प्रकृति का चमत्कार” बताते हुए इसे एक यादगार अनुभव बताया। वन विभाग और पर्यावरण विशेषज्ञ इस घटना पर नजर रख रहे हैं ताकि तितलियों के इस झुंड के व्यवहार और इसके पारिस्थितिक प्रभाव को और बेहतर ढंग से समझा जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677