पावर ट्रांसफार्मर फेल, हजारों घरों में नहीं हुई जल आपूर्ति

गर्मी के मौसम में परेशान हुए लोग

कोरबा। कोहडिय़ा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण टंकियां नहीं भर पाई। इस वजह से हजारों घरों में सुबह 3 घंटे विलंब से पानी आपूर्ति शुरू हो पाई। बुधवारी बाजार सब-स्टेशन का पावर ट्रांसफार्मर फेल होने से क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर 10 से अधिक बार बिजली बंद हुई। भीषण गर्मी में लोग दिनभर परेशान रहे। यह समस्या महीने में 3 से 4 बार हो रही है।

जानकारी के अनुसार शहर के 42 वार्डों में यह समस्या पेश आई और हजारों की संख्या में लोगों के नलों में पानी आपूर्ति नहीं हो सकी। इन वार्डों में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से ही पानी आपूर्ति होती है, लेकिन बिजली बंद होने से पानी टंकियां भर नहीं पाती। बिजली की आंख-मिचौली के कारण शहर की पानी टंकियां सूखी रही। बिजली आने पर टंकियां को पहले भरा गया।

इसके बाद अलग-अलग क्षेत्र में सुबह 10 से 11 बजे के बीच पानी की आपूर्ति शुरू की गई। इसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। समय पर पानी नहीं आने से लोगों की दिनचर्या भी खराब हुई। कॉलोनी क्षेत्र के लोग निगम के पानी पर ही निर्भर रहते हैं।

इसी तरह की समस्या बुधवारी बाजार सब-स्टेशन में पावर ट्रांसफार्मर की फेल होने से हुई। रात्रि पहर में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इसके बाद दूसरी लाइन से कनेक्ट कर बिजली आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन दिनभर बिजली आती-जाती रही। इसके कारण भीषण गर्मी से लोग परेशान रहे। देर शाम पावर ट्रांसफार्मर को सुधारने का प्रयास किया जा रहा था।

बिजली बंद होने से सीधा प्रभाव पानी आपूर्ति पर पड़ता है। निगम सुबह 6 बजे और शाम को दो समय पानी आपूर्ति करता है, लेकिन इसके लिए टंकियां भरनी जरूरी होता है।