प्रकृति के हर जीव का संरक्षण आवश्यक : डॉ. टंडन

कोरबा। जैव विविधता के महत्व और संरक्षण में छात्रों की भूमिका पर केएन कॉलेज में व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के सदस्य और जैव विविधता विशेषज्ञ डॉ. एचएन टंडन ने बताया कि प्रकृति का हर जीव चाहे वह शेर बाघ और हाथी जैसे बड़े जंतु हों, बड़े-बड़े वृक्ष हो या सूक्ष्म जीव हो सभी की अपनी भूमिका होती है। ये सभी जीव महत्वपूर्ण है और इनका संरक्षण आवश्यक है।

डॉ. टंडन ने कहा कि हरे भरे पौधे परिस्थितिकी तंत्र के उत्पादक की भूमिका में होते हैं और सभी जीव-जंतु उपभोक्ता होते है जबकि इन सबकी मृत्यु के बाद मृत शरीर का अपघटन करने की जिम्मेदारी सूक्ष्मजीवों की होती है।

प्रकृति का हर जीव महत्वपूर्ण है अत: इनका संरक्षण बेहद आवश्यक है। महाविद्यालय के स्तर पर अध्ययन कर रहे छात्र इनके संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि यह व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए काफी लाभकर होगा और उनसे सीख लेकर वे प्रकृति व पर्यावरण को संरक्षित करने बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

व्याख्यान में एमएससी द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।