कोरबा। ज्येष्ठ कृष्ण अमावस्या तिथि को मनाया जाने वाला वट सावित्री व्रत सोमवार को श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। सनातन धर्म से जुड़ी विवाहित महिलाएं इस विशेष दिन पर व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना करेंगी।
कोरबा नगर, उपनगर और आसपास के अंचलों में इस पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, वहीं रविवार को बाजारों में विशेष रौनक देखने को मिली।
व्रत से जुड़ी धार्मिक परंपराओं के अनुसार महिलाएं इस दिन वट यानी बरगद के वृक्ष की पूजा करेंगी। पूजा के दौरान वृक्ष की परिक्रमा कर कलावे से रक्षा सूत्र बांधा जाएगा। साथ ही, बस के पंखे और वटपत्र (बरगद के पत्ते) से जुड़ी पारंपरिक रीति-रिवाजों का भी पालन किया जाएगा। महिलाएं व्रत कथा का श्रवण कर व्रत का संकल्प लेंगी।
ज्योतिषाचार्य पंडित दशरथ नंदन द्विवेदी ने बताया कि यह व्रत आदिकाल से हिन्दू धर्म की विवाहित महिलाओं द्वारा किया जाता रहा है। पौराणिक मान्यता है कि इस व्रत को रखने से पति की आयु लंबी होती है और सुहाग की रक्षा होती है। यह व्रत पत्नी की निष्ठा, श्रद्धा और पति के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
कोरबा में इस पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजारों में पूजन सामग्री, कलावा, व्रत कथा पुस्तिकाएं, फल-फूल और प्रसाद की वस्तुएं खरीदने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
बरगद के पेड़ की पूजा के लिए स्थान-स्थान पर सफाई व सजावट की गई है। व्रत करने वाली महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजकर पूजा-अर्चना करेंगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677