दीपका नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर संगीता साहू के कार्यकाल पर संशय, कोर्ट में चुनौती

कोरबा। दीपका नगर पालिका परिषद की उपाध्यक्ष संगीता साहू के कार्यकाल पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी संगीता साहू ने उपाध्यक्ष पद का चुनाव जीता था, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश जायसवाल को हार का सामना करना पड़ा था। अब जायसवाल ने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कटघोरा की एक कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। इस मामले में 9 मई को सुनवाई होगी, और एसडीएम, नगर पालिका अधिकारी व पार्षदों को नोटिस जारी किए गए हैं।

कमलेश जायसवाल, जो एक वार्ड से पार्षद चुने गए थे, ने आरोप लगाया है कि निर्वाचन प्रक्रिया में अनियमितताएं बरती गईं। उनकी याचिका में दावा किया गया है कि भाजपा पार्षदों को अलग-अलग रंग के पेन दिए गए, ताकि वोटों में हेरफेर रोका जा सके, जो चुनाव में एकरूपता के सिद्धांत का उल्लंघन है। जायसवाल का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव हुआ होता, तो परिणाम अलग हो सकते थे।

कोर्ट ने प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के आधार पर याचिका को स्वीकार करते हुए निर्वाचन अधिकारी, नगर पालिका अधिकारी और पार्षदों को पक्षकार बनाया है। चार भाजपा पार्षदों को नोटिस मिल चुके हैं। अब सभी की निगाहें कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं कि क्या संगीता साहू अपना कार्यकाल पूरा कर पाएंगी या इस मामले में नया मोड़ आएगा।