कोरबा-कटघोरा। कटघोरा के मलदा घाट मुक्तिधाम में युवा कांग्रेस नेता सुमित दुहलानी के अंतिम संस्कार के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में 40 से 50 लोग मधुमक्खियों के दंश का शिकार हुए, जिनमें सुमित के परिजन, नगर पालिका अध्यक्ष और स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
36 वर्षीय सुमित दुहलानी का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया था। शुक्रवार सुबह उनकी अंतिम यात्रा कटघोरा मेन रोड स्थित निवास से शुरू होकर वार्ड 10 के मलदा घाट मुक्तिधाम पहुंची। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होने के दौरान दीपक जलाते ही मधुमक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया। इससे वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने मलदा घाट के तालाब में कूदकर जान बचाई, जबकि अन्य लोग छिपते-भागते रहे।
मधुमक्खियों के दंश से प्रभावित लोगों ने तुरंत कटघोरा के सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज करवाया। घटना के कारण अंतिम संस्कार रुक गया। सूत्रों के अनुसार, मधुमक्खियों के शांत होने के बाद शव को दूसरे मुक्तिधाम में ले जाकर अंतिम संस्कार करने की योजना बनाई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन और नागरिकों ने इस घटना पर चिंता जताई है और मुक्तिधाम में मधुमक्खियों के छत्तों की जांच और सुरक्षा उपायों की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
