कोरबा जिले में गर्मी के बढ़ते तापमान के मद्देनजर कोरबा पुलिस ने आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है। गर्मी के मौसम में छोटी-सी लापरवाही से बड़ी आगजनी हो सकती है, जिसे देखते हुए शहर में पुलिस पेट्रोलिंग को और सघन किया गया है। हाल ही में वाहनों में शॉर्ट सर्किट या अत्यधिक गर्मी के कारण आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं, जिन्हें दमकल और पुलिस ने समय रहते नियंत्रित किया।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे गाड़ियों की नियमित सर्विसिंग और वायरिंग की जांच कराएं, पेट्रोल या डीजल टंकी को ओवरफिल न करें, और ज्वलनशील पदार्थ जैसे परफ्यूम स्प्रे या लाइटर को वाहन में खुले में न छोड़ें।
घरेलू उपकरणों के उपयोग में भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा कि एयर कंडीशनर, कूलर, और रेफ्रिजरेटर जैसे उपकरणों की नियमित सर्विसिंग कराएं, ओवरलोडिंग से बचें, और जर्जर तारों या उपकरणों का उपयोग न करें। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को लगातार लंबे समय तक चलाने से बचें ताकि ओवरहीटिंग न हो।
पुलिस ने आग लगने की किसी भी घटना की तुरंत सूचना देने के लिए संपर्क नंबर साझा किए हैं: फायर स्टेशन, कोरबा (+91 7759 226922) और डायल 112। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से इस भीषण गर्मी में अतिरिक्त सतर्कता बरतने का आग्रह किया है, ताकि थोड़ी-सी सावधानी से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
