कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल कोरबा पूर्व की घुड़देवा खदान 3/4 में हुई डकैती और केबल चोरी के मामले में पुलिस ने कथित मुख्य आरोपी धरम सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से केबल काटने में प्रयुक्त हथियार और वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खदान परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी को धमकाने-चमकाने के बाद केबल समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद बांकीमोंगरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने धरम सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया।
इस मामले में तीन बालिग आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि सात विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजे जाने की कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामान और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
बांकीमोंगरा थाना प्रभारी सत्यम साहू ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















