दीवार जमींदोज, घायल महिला जया ने दम तोड़ा

कोरबा-कटघोरा। निर्माणाधीन न्यू वैष्णवी राइस मिल में मौसम बिगडऩे से दीवार के जमींदोज होने की घटना में गंभीर रूप से घायल ग्रामीण महिला जया की मौत हो गई।

इसके साथ घटना में मृतक संख्या बढक़र 3 हो गई है। 21 मार्च की शाम को कार्य के दौरान दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि 6 अन्य घायल हो गए जिनमें से उक्त महिला ने दम तोड़ दिया।

घटना के शुरुआत में आंधी-तूफान और बारिश को हादसे की वजह बताया जा रहा था लेकिन बाद में जांच में निर्माण कार्य में भारी लापरवाही उजागर हुई। पुराने निर्माण के ऊपर ही नया निर्माण होना बताया गया।

इस पर कटघोरा पुलिस ने मिल संचालक राकेश अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि संचालक ने मृतकों के परिजनों और घायलों को आंशिक सहायता राशि दी।

घटना में घायल जया को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आखिर उसने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकरण में पुलिस के अलावा कारखाना निरीक्षक व श्रम विभाग की ओर से जांच की जा रही है।