संभागायुक्त की अध्यक्षता में हुई स्वशासी प्रबंधकारिणी समिति की बैठक

मेडिकल कॉलेज में छात्र-छात्राओं की सुविधाओं में होगा विस्तार

कोरबा । संभागायुक्त बिलासपुर महादेव कावरे की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्व.बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय की स्वशासी प्रबंध कारिणी समिति की बैठक हुई। बैठक में एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने, पीजी कोर्स प्रारंभ करने सहित एनएमसी के मापदंडों को पूर्ण करने अनेक अधोसरंचना विकास के कार्यो के संबंध में चर्चा कर प्रस्तावित कार्यो का अनुमोदन किया गया।


कमिश्नर श्री कांवरे ने मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं हेतु आवश्यक सभी सुविधाएं विकसित करने हेतु कॉलेज में स्मार्ट क्लासरूम, लेक्चर रूम, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, बालक-बालिका छात्रावासों में स्टूडेंट डेस्क, चेयर, टेबल, आलमारी, लेक्चर हॉल, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु अनेक कार्यो का अनुमोदन किया।

इसी प्रकार महाविद्यालय में 26 नग कंप्यूटर व कम्प्यूटर एसिस्टेड लर्निंग सॉफ्टवेयर क्रय करने के प्रस्ताव पर चर्चा कर अनुमोदन किया गया। उन्होंने महाविद्यालय में सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस हेतु यथास्थानों में सीसीटीवी कैमरा लगाने निर्देशित किया।

इस अवसर पर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, अधिष्ठाता मेडिकल कॉलेज डॉ केके सहारे, उप अस्पताल अधीक्षक डॉ. दुर्गा शंकर पटेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक उपस्थित थे।


सीटी स्कैन सहित अन्य सुविधाओं के लिए 10 करोड़ स्वीकृत


बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि सार्वजिक उपक्रम संयंत्र एसीईसीएल द्वारा मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं के सुगम परिवहन हेतु 3 नए बस एवं अन्य सामग्री क्रय हेतु 1 करोड़ की राशि प्रदान की गई है एवं नए आधुनिक मेडिकल उपकरण क्रय हेतु 2.5 करोड़ से अधिक राशि भी शीघ्र प्रदान की जाएगी।

मेडिकल कॉलेज में विशेष चिकित्सकों की कमियों को पूरा करने के लिए डीएमएफ से मानदेय में वृद्धि की गई है। साथ ही सीटी स्कैन सहित अन्य सुविधाओं के विकास हेतु डीएमएफ से 10 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है।