जनादेश परब : एक वर्ष विश्वास का पर श्रम मंत्री की प्रेस वार्ता

कोरबा में ही जीना व मरना है, विकास में कोई कसर नहीं छोडूंगा : लखन

कोरबा। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश के श्रम, उद्योग व वाणिज्य मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि इस एक वर्ष में सुशासन की सरकार ने अपने सभी बड़े वादे को निभाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के छत्तीसगढ़ राज्य सपने को साकार करने ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ के  साथ सुशासन की सरकार ने एक वर्ष में काम किया है। मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन ने इस एक वर्ष में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।


मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ कोरबा जिले के तेज़ी से किए जा रहे विकास कार्यों के संदर्भ में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि कोरबा के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने बीते दिनों 625.28 करोड़ से अधिक के विकास कार्यो का भूमिपूजन व लोकार्पण किया है इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सर्वमंगला हसदेव नदी रपटा सहित, पुरानी बस्ती रानी रोड की ओर एप्रोच रोड निर्माण, कोरबा मुख्यालय में नया सर्किट हाउस निर्माण, झगरहा में माध्यमिक शाला का हाई स्कूल में उन्नयन और कोरबा नगर निगम के विभिन्न वार्डो में विकास कार्यो के लिए 23 करोड़ रुपये प्रदान करने सहित अन्य विकास कार्यो की घोषणा की है।

श्रम मंत्री ने कहा कि कोरबा में ही जीना और मरना है कोरबा के विकास के लिए कोई कसर नही छोडूंगा। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा का विकास राजनीति से ऊपर उठकर किया जाएगा जिसके लिए वे पूर्ण संकल्पित है। उन्होंने कहा कि विगत एक साल में सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े हुए लोगों सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिये सरकार ने काम किया। सुशासन की लक्ष्य को हासिल करने के लिये सुशासन एवं अभिसरण नाम से नया विभाग बनाया गया है।

सुशासन की स्थापना के लिये तकनीकों का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिये दफ्तरों का चक्कर न काटना पड़े। एक क्लिक में अथवा एक फोन में उनके काम हो जाये इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास, सडक़, रेल और हवाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए गठित प्राधिकरणों में जनप्रतिनिधित्व को और मजबूत किया गया है।

साथ ही छत्तीसगढ़ जनजातीय सलाहकार परिषद का गठन भी किया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में श्री रामलला दर्शन योजना शुरू कर श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की नि:शुल्क यात्रा कराई जा रही है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश में सडक़ नेटवर्क, रेल नेटवर्क को मजबूत करने का कार्य केन्द्र के सहयोग से किया जा रहा है।

पत्रवार्ता में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे, तहसीलदार, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन प्रभारी बच्चन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर, अजय विश्वकर्मा, नरेन्द्र पाटनवार, वैभव शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।