कोरबा। जय श्रीराम के नारे लगाने पर स्कूल के व्याख्याता ने एक बच्चे की जमकर पिटाई कर दी। इसे लेकर अभिभावक नाराज हो गए और स्कूल जा पहुंचे। पिटाई करने की व्याख्याता की जमकर खिंचाई की।
साथ ही इस घटना की शिकायत पुलिस व जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से कर दी गई है। व्याख्याता पर देवी- देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का भी गंभीर आरोप है। ब्लाक शिक्षक अधिकारी (बीईओ) को मामले की जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
कोरबा जिले के पाली- पड़निया स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को कक्षा 11 वीं के विद्यार्थियों को हिंदी के व्याख्याता राजकुमार ओगरे पढ़ा रहे थे। विद्यार्थियों का कहना है कि इस दौरान उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रमाण को मानता है, क्या इस बात की प्रमाणिकता है कि देवी- देवताओं की कोई शैक्षणिक योग्यता थी। आखिर इतना क्यों मानते हैं। यह बात विद्यार्थियों को नागवार गुजरी।
जब तक क्लास चला, बच्चों ने इस पर कोई आपत्ति नहीं की। जैसे ही छुट्टी की घंटी बजी और बच्चे बाहर निकले, जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। इससे नाराज होकर व्याख्याता ओगरे ने विद्यार्थी ओमकार पटेल समेत एक अन्य की जमकर पिटाई कर दी। घर पहुंच कर अभिभावकों को विद्यार्थियों ने घटना की जानकारी दी और असंतोष फैल गया।
मंगलवार को कुछ अभिभावक स्कूल पहुंचे और व्याख्याता ओगरे से मुलाकात कर देवी- देवताओं पर टिप्पणी व बच्चों की पिटाई को लेकर आपत्ति जताई।
शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए क्षमा मांगा, लेकिन नाराज अभिभावकों ने सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र जा पहुंचे और व्याख्याता के खिलाफ लिखित शिकायत किया। उधर डीईओ तामेश्वर उपाध्याय से भी इस मामले की जांच की मांग अभिभावकों ने की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















