कोरबी सर्किल में 49 हाथियों की धमक, धान की फसलों को रौंदा

कोरबा। कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरबी सर्किल में विचरण कर रहे 49 हाथियों के दल ने भारी उत्पात मचाया है। हाथियों ने धान की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों को अपनी धान की फसल को बचाने रतजगा करना पड़ रहा है।बताया जा रहा है कि रात्रि में अचानक पहुंचे हाथियों के दल ने कोरबी एवं आसपास के गांव में ग्रामीणों के खेतों में वहां पककर तैयार धान की फसल को रौंद दिया है।

ग्रामीणों द्वारा हाथियों के आने तथा फसल रौंदे जाने की सूचना दिए जाने पर वन विभाग का अमला अलर्ट हो गया है और गजदल की निगरानी करने के साथ ही नुकसानी के आंकलन में जुट गया है। बड़ी संख्या में हाथियों की क्षेत्र में मौजूदगी से ग्रामीण काफी दहशत में हैं।

वहीं वन अमला उन्हें सतर्क करने के लिए मुनादी कराने का काम शुरू कर दिया है। हाथियों के क्षेत्र में आने की सूचना मिलते ही विभाग अलर्ट मोड में है और हाथियों की सतत निगरानी में जुट गया है।

कोरबी सर्किल में 49 हाथियों के अलावा एक लोनर हाथी मदनपुर क्षेत्र में विचरण कर रहा है जिसकी निगरानी भी विभागीय कर्मचारियों द्वारा की जा रही है।