सक्ती। सक्ती के ग्राम बेलाचुआ के एक ग्रामीण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कल रात पिकअप के नहर में डूबने के बाद उसका 9 साल का बेटा इंद्र कुमार जायसवाल लापता हो गया था, जिसका शव आज मिला है। वहीं बेटे को खोने के गम में डूबे पिता अशोक जायसवाल भी आज सड़क हादसे का शिकार हो गए और गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, अशोक के साथ बाइक में दो और लोग भी सवार थे, जिन्हें भी चोटें आई हैं। अशोक को सक्ती में प्राथमिक इलाज के बाद रायगढ़ भेजा गया है। घर के चिराग के बुझने के बाद घर के मुखिया के साथ हुए हादसे ने घर के सदस्यों को पूरी तरह तोड़ दिया है। मृतक बच्चे का नाम इंद्र कुमार जायसवाल है, जबकि उसके पिता का नाम अशोक जायसवाल है, जो सक्ती के ग्राम बेलाचुआ के रहने वाले हैं।
नहर में पिकअप गिरने से 3 बच्चे हुए थे लापता
बता दें कि बुधवार देर रात सक्ती के बरपाली गांव के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ था, जहां पिकअप में सवार होकर 20 लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरी थी। नहर में लबालब पानी था, जिसकी वजह से 3 बच्चे पानी में बह गए।
वहीं 17 लोगों को तत्काल जेसीबी की मदद से बाहर निकाल लिया गया था। घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी गई थी, जिसके बाद आज सुबह से SDRF की टीम लापता बच्चों की तलाश कर रही है, जिसमें से एक 9 साल का बच्चा इंद्र कुमार जायसवाल का शव आज ग्रामीणों ने खोज निकाला। वहीं दो बच्चे अभी भी लापता हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















