कोरबा। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन से लोगों के घरों तक पानी पहुंचाना है। कोरबा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इस पर काम हो रहा है। खबर है कि पसान क्षेत्र में पीएचई से काम लेने वाले मिशन के कॉन्टे्रक्टर ने स्टेट हाईवे की सडक़ का कॉलर खोद दिया है। लोनिवि ने इस मामले में उसे नोटिस थमाया।
कटघोरा से पसान स्टेट हाईवे में ग्राम तुमान और जटगा के बीच में जलजीवन मिशन में कार्यरत ठेका कंपनी जो कि पाइप लाइन बिछाने का कार्य कर रही है। कंपनी के ठेकेदार इस मामले में मनमानी कर रहा है। मुख्य सडक़ मार्ग के दोनों कॉलर को खोद दिया गया, जो कि नियमानुसार गलत है।
सडक़ के सेंटर से 12 मीटर तक कोई भी खुदाई नही करनी है। ठेकेदार की मनमानी जारी है। उसके निर्देश पर कामगारों ने सडक़ के दोनों कॉलर को ही खोद डाला। जबकि नियम कहता है की सडक़ का कालर सडक़ का बेस होता है। लेकिन इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को इससे कोई लेना देना नहीं है।
शासन की सबसे महत्वपूर्ण योजना जलजीवन मिशन पर कोरबा जिले में जिस तरह ठेकेदार द्वारा गड़बड़ी की जा रही है उससे कई सवाल पैदा हो रहे है। कहा जा रहा है कि जिन क्षेत्रों में पाईप लाईन बिछाने से लेकर दूसरे काम हो रहे है। क्या उस तरफ लोक निर्माण विभाग को निगरानी करने की फूर्सत है भी?
वन विभाग की जमीन भी निशाने पर
बताया गया कि इस इलाके में जल जीवन मिशन के ठेकेदार फारेस्ट लैंड में भी खुदाई कर अपनी मनमर्जी कर रहे हैं। ग्राम डूमरमुड़ा में बीटीएल कंपनी के ठेकेदार द्वारा फारेस्ट लैंड में जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही है। लेकिन फॉरेस्ट अधिकारी भी इस ओर कोई ध्यान नही दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि ठेकेदार ने अपनी योजना को परवान चढ़ाने के लिए उच्च स्तर पर सांठगांठ कर रखी है।
सुधार कराना होगा एक सप्ताह में
जल जीवन मिशन के लिए काम कर रहे कॉन्टे्रक्टर ने पसान क्षेत्र में हमारी सडक़ को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। यह विषय हमारे संज्ञान में है। इसे गंभीरता से लेने के साथ ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। उसे एक सप्ताह के भीतर प्रभावित क्षेत्र में सुधार कार्य कराना होगा। अन्य मामले में उस पर कार्यवाही की जायेगी।
नित्या ठाकुर, एसडीओ लोनिवि, कटघोरा
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
