विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र, किसानों को मोटरपम्प सहित परिवार सहायता का मिला चेक
कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत सिरमिना में शनिवार को जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ग्रामीणों के लिए बहुत लाभदायक साबित हुआ।
कलेक्टर, प्रभारी जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर सहित जिले के सभी विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी मांगों को आवेदन के माध्यम से न सिर्फ रखा अपितु कलेक्टर अजीत वसंत को भी माइक के माध्यम से वन-टू-वन चर्चा कर जानकारी दी।
शिविर में मुख्य अतिथि विधायक पाली तानाखार तुलेश्वर सिंह मरकाम शामिल हुए। विधायक, कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। शिविर को जनपद अध्यक्ष पोड़ी-उपरोड़ा श्रीमती पेन्द्रों, सरपंच सिरमिना दिवाकर सिंह मरकाम ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर प्रभारी जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई, जनपद अध्यक्ष पोड़ी-उपरोड़ा श्रीमती संतोषी पेन्द्रों सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर दिनेश नाग, एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा तुलाराम भारद्वाज, बीईओ दिनेश कुमार लाल, जनपद सीईओ खगेश निर्मलकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
समस्याओं का होगा तेजी से निराकरण : विधायक
पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम ने कहा कि सरकार द्वारा डीएमएफ की राशि का उपयोग जिले के विकास के लिए करने अनुमति दी गई है। इससे क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं का तेजी से निराकरण होगा। भवन विहीन व जर्जर स्कूल, आँगनबाड़ी भवन के लिए नए भवन बनाए जाएंगे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु एकल शिक्षक व शिक्षकविहीन विद्यालयों में शिक्षक की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। सडक़विहीन क्षेत्र में सडक़, आवश्यक स्थानों में पुल-पुलिया की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य सुविधाओं में भी विस्तार किया जाएगा।
अपने अधिकारों को जाने व योजनाओं का लाभ उठाएं : कलेक्टर
कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि शिविर में जो भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, सभी का परीक्षण किया जा रहा है। तहसील और जनपद और जिला स्तर पर जिसका निराकरण हो सकता है उसका यही निराकरण किया जाएगा। शासन स्तर पर पूरी होने वाली मांगों का निराकरण के लिए आवेदन को शासन को भेजा जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विभागीय मंत्री के प्रयासों से जिले में गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर राशि हितग्राहियों के खाते में डाले गए हैं। किसी गरीब व्यक्ति के लिए आवास पहली प्राथमिकता होती है, इसलिए इस राशि का उपयोग आवास निर्माण में किया जाना चाहिए।
पुष्पा व सीमा को मिला एक-एक लाख का चेक
शिविर में विधायक, कलेक्टर सहित अन्य अतिथियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभांवित किया। जिसके अंतर्गत राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना अंतर्गत सिमगा की श्रीमती ज्ञान कुंवर, श्रीमती चन्द्रवती गोस्वामी, नवापारा की श्रीमती हिरोदिया, कोरबी की श्रीमती चन्द्रवती को 20-20 हजार का चेक प्रदान किया गया। राजस्व और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं को स्थायी जाति प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका से अटारी की सीमा रावत व झिनपुरी की पुष्पा मरकाम को मुद्रा लोन के तहत 1-1 लाख का चेक वितरित किया। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग बुधराम, पवनकुमार व क्षेत्रवती को कैलीपर्स व बैशाखी प्रदान किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
