विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

पीएम जनमन अंतर्गत 23 अगस्त से 10 सितंबर तक पीवीटीजी क्षेत्रों में लगेंगे शिविर

कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत ने समय सीमा की बैठक में विभागीय कामकाज की समीक्षा कर पीएम जनमन अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। पीवीटीजी परिवार को जाति प्रमाण पत्र जारी करने ग्राम सभा का आयोजन के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने पीवीटीजी को वनाधिकार पत्र, बैंक खाता, आयुष्मान, पीएम किसान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड, आधार सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से लाभान्वित कर पीवीटीजी क्षेत्रों में 23 अगस्त से 10 सितम्बर तक शिविर आयोजन कर शत प्रतिशत सेचुरेटेड करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पीवीटीजी के 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले सदस्यों का बैंक खाता खुलवाने तथा 06 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों एवं अन्य सदस्यों का दस्तावेज तथा ग्राम सभा के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत् लगभग 14 हजार विद्यार्थियों के भी जाति प्रमाण पत्र जारी करने के संबंध में निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी तथा एसडीएम को दिए।

कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ और अपर कलेक्टर को मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए। टीएल में प्रेषित प्रकरणों का एक माह के भीतर निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने तहसीलदारों और नगरीय निकाय अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

बैठक में वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ संबित मिश्रा, नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई, अपर कलेक्टर दिनेश कुमार नाग, अनुपम तिवारी सहित अन्य सभी अधिकारी उपस्थित थे।