पिरदा बारूद फैक्ट्री विस्‍फोट में प्रबंधन को बचा रही है सरकार, विपक्ष के आरोप पर जानिए मंत्री ने क्‍या दिया जवाब

बेमेतरा-पिरदा बारूद फैक्ट्री में विस्फोट के मामले पर विपक्ष ने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के जवाब से असंतुष्ट होकर सदन का बहिर्गमन कर दिया। कांग्रेस विधायक राघवेन्द्र सिंह और शेषराज हरबंश के ध्यानाकर्षण पर मिले जवाबों से विपक्ष संतुष्ट नजर नहीं आया। कांग्रेस विधायकों ने फैक्ट्री में सुरक्षा मापदंडों का पालन नहीं होने पर सवाल उठाया।

मंत्री ने कहा कि घटना पर जांच जारी है। जांच के बाद पाई गई कमियों को दूर करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। फैक्ट्री में हुई दुर्घटना की जांच के बाद यहां उत्पादन बंद करने के भी आदेश दिए गए, जो कि अभी भी लागू हैं। फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।


विपक्ष का आरोप- फैक्ट्री प्रबंधन का बचाव कर रही है सरकार


बहस के दौरान विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार फैक्ट्री प्रबंधन का बचाव कर रही है। कांग्रेस विधायक राघवेन्द्र सिंह ने सुरक्षा के इंतजाम से लेकर कड़ी कार्रवाई पर सवाल पूछा। उद्योग मंत्री ने कहा कि घटना के बाद फैक्ट्री का लाइसेंस निरस्त किया जा चुका है। मामले में दंडाधिकारी जांच भी जारी है।

यह फैक्ट्री 1991 से संचालित हैं। फैक्ट्री में कई खामियां पाई गईं, जिसके आधार पर विभागीय व कानूनी दोनों तरह की कार्रवाई चल रही है। अभी फैक्ट्री पूरी तरह बंद है। सरकार श्रमिकों के साथ है। फैक्ट्री प्रबंधन ने 35 लाख व सरकार ने घटना के पीड़ितों को पांच लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई है।