कबाड़ गोदाम में आग लगने का रहस्य गहराया

सीसीटीवी फुटेज सामने आने से उठ रहे सवाल

कोरबा-कटघोरा । कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर में अवैध रूप से संचालित हो रहे कबाड़ दुकान के गोदाम में 24 जुलाई की सुबह एकाएक आग लगने का रहस्य गहरा गया है। घटना दिनांक से करीब 6 दिन पहले स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में गोदाम को सील करने की कार्यवाही की गई थी।

प्रशासन से शिकायत हुई थी कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर गोदाम बनाया गया है। मुख्य दरवाजे को सील करने के बाद यहां से अमला चला गया। सब कुछ ठीक-ठाक  था कि कल बंद गोदाम में रहस्यमय तरीके से आग लग गई। पवन साहू के द्वारा संचालित गोदाम में आग लगने को लेकर कई तरह की चर्चाएं क्षेत्र और महकमे में व्याप्त हैं। इस बीच एक सीसीटीवी फुटेज संचालक द्वारा सामने लाया गया है जिसमें तारीख 15 जुलाई 2024 दिख रही है और समय रात का बता रहा है। इसमें एक अज्ञात शख्स कपड़े लपेटे हुए आकर सीसीटीवी कैमरे को बोरी से ढंकता नजर आ रहा है।

दावा किया जा रहा है कि इसी शख्स ने आग लगाया है जिससे करीब 25 लाख रुपए का नुकसान होना बताया गया है। सवाल यह है कि आग लगाने वाला शख्स कबाड़ी का शुभचिंतक है या दुश्मन? प्रशासन द्वारा सील कर दरवाजे पर ताला लगाने के बाद आखिर वह शख्स भीतर कैसे घुसा और वह कौन है, उसने आग क्यों और किसके कहने पर लगाई, इन सवालों का जवाब तो पकड़ में आने के बाद पता चलेगा।

इससे पहले इस बात की भी चर्चा गर्म है कि यह आग लगी नहीं बल्कि लगवाई गई है क्योंकि कबाड़ के गोदाम में कई चीजें थी, जिनका पता चलने पर बड़ा खुलासा हो सकता था। वैसे जिला पुलिस अधीक्षक की सख्ती के बावजूद कटघोरा थाना क्षेत्र में बड़ा कबाड़ दुकान संचालित होना भी अपने आप में सवाल पैदा करता है।