कार और बाइक में भीषण टक्कर, घायल अस्पताल में भर्ती

कोरबा. जिले के VIP मार्ग पर आईटीआई चौक के निकट सीएसईबी कॉलोनी पानी टंकी मुख्य मार्ग में आज सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया। सीएसईबी कॉलोनी के आंतरिक मार्ग से ब्रेकर को पार करते हुए एक बाइक जैसे ही मुख्य सड़क पर पहुंची आईटीआई चौक की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे उड़ा दिया। हादसे के बाद सबसे बड़ी विडंबना यह रही की पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना देने के बाद, सिविल लाइन थाना रामपुर को अवगत कराने के बाद भी पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंची जबकि वहां से चंद कदम की दूरी पर थाना मौजूद है।

स्थानीय लोगों ने डायल 112 को कॉल किया तो उसने वाहन नहीं होने की बात कह कर पल्ला झाड़ लिया। पुलिस का इंतजार करते-करते आखिरकार घायल को निजी सुविधा से अस्पताल ले जाया गया और मौजूद लोगों को इंतजार था कि पुलिस अब आएगी तब आएगी लेकिन वह नहीं पहुंची।

इस बीच दुर्घटनाकारित कार का चालक वहां से क्षतिग्रस्त वाहन को मरम्मत कराने के लिए लेकर चलते बना। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिसिंग व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।