जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आम जनता को किया जागरुक
कोरबा। आज 1 जुलाई 2024 से संपूर्ण भारत में नया कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू हो गया है। जिसके प्रचार प्रसार के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश अनुसार सभी थाना/चौकी/पुसके प्रभारियों के द्वारा इस दिवस को महोत्सव की तरह मनाया गया।
सभी थानों में जनप्रतिनिधि, पार्षद, सरपंच गणों और आम जनता की उपस्तिथि में पुलिस अधिकारियों के द्वारा नवीन कानून के प्रमुख प्रावधानों के बारे में बताया गया। थाना कोतवाली में महापौर राजकिशोर प्रसाद, पार्षद दिनेश सोनी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी आदि की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी स्वयं उपस्थित रहे।
निरीक्षक मोतीलाल पटेल ने नए कानून के बारे में उपस्थित लोगों को बताया। थाना कटघोरा में कार्यक्रम के उपलक्ष्य में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल उपस्थित हुए। थाना करतला में विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया शामिल हुए।
ज्ञात हो कि 1 जुलाई से नये कानून लागू हो गये हैें जिससे भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली एक नये युग में प्रवेश कर रही है जो देश की न्याय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाएंगी। भारतीय न्याय संहिता का उद्देश्य आपराधिक न्याय प्रणाली में सुधार करना है, जबकि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ सुरक्षा उपायों को भी सुनिश्चित करती है।
भारतीय साक्ष्य अधिनियम न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों की मान्यता और प्रमाणिकता से संबंधित है। आज से जीरो और ई एफआईआर भी रजिस्टर कराई जा सकेगी। एवं सभी प्रक्रिया में निर्धारित समयसीमा लागू हो जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677