निर्भया फंड से रेल मंडल के नौ स्टेशनों में कैमरे से निगरानी

बिलासपुर। निर्भया फंड से बिलासपुर रेल मंडल के अलग-अलग रेलवे स्टेशन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। अब तक मंडल के नौ स्टेशन में इस फंड से अतिरिक्त कैमरे लग गए हैं। इन कैमरों की मानिटरिंग के लिए बनाए गए कक्ष में से अधिकांश में महिला सुरक्षा बल सदस्य की तैनाती की गई है। इसका लाभ भी मिल रहा है। वे इन कैमरो में कैद होने वाली पल-पल की गतिविधियों पर पैनी नजर रखतीं है।
जहां भी लगता है कि यात्रियों के साथ कुछ गलत हो सकता है तत्काल सूचना देकर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभाती हैं। मंडल रेल प्रशासन यात्रियों को बेहतर यात्री सुविधाएं तथा सुरक्षा के साथ सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडल के अंतर्गत अवस्थित स्टेशनों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री एक से दूसरे स्थान के लिए सफर करते हैं।

यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रेल सुरक्षा बल एवं जीआरपी पर रहती है। स्टेशन के सूक्ष्म से सूक्ष्म गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से रेलवे परिसरों की बेहतर संरक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। सीसीटीवी की मदद से रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के कंट्रोल रूम से स्टेशनों के सभी गतिविधियों व सुरक्षा की निगरानी 24 घंटे की जा रही है।


यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने व आपराधिक एवं संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के करने के लिए निर्भया फंड के तहत मंडल के नौ स्टेशनों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। अतिरिक्त कैमरे की उपलब्धता से स्टेशनों में अपराध में कमी, यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा में वृद्धि, संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम होगी तथा चोरी या अन्य अपराध की स्थिति में साक्ष्य जुटाने में आसानी होगी।

स्टेशनों में सुव्यवस्थित यातायात बनाने के साथ ही भीड़ का बेहतर प्रबंधन करने में भी सहायता मिलेगी। इसका सीधा लाभ यात्रियों को सुरक्षित व भयमुक्त यात्रा के रूप में मिलेगा। इसके साथ ही रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले शरारती तत्वों और रेल में अपराध करने वालों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

इन स्टेशनों में लगे कैमरे

रेल मंडल अंतर्गत रायगढ स्टेशन में 32, पेंड्रारोड में 16, अनुपपुर में 32, शहडोल में 16, अकलतरा में 12, चांपा में 23, कोरबा में नौ सहित सात स्टेशनों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। शेष दो स्टेशन अंबिकापुर स्टेशन में 14 व उमरिया स्टेशन में 15 सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य तीव्र गति चल रहा है। जिन कैमरों को लगाया गया है कि वह पूरे स्टेशन को कवर करने वाले एचडी प्रकार के तथा चेहरा पहचानने वाले साफ्टवेयर जैसी आधुनिक तकनीकी से लैस हैं।