कोरबा: जिले में घर से निर्माणाधीन मकान में काम करने पहुंचा एक राजमिस्त्री अचानक लड़खड़ाकर गिर गया। उसे मौके पर मौजूद मजदूरों ने आनन-फानन में इलाज के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल दाखिल कराया, जहां थोड़ी ही देर बाद उसकी मृत्यु हो गई। मृतक पूरी तरह से स्वस्थ था। वह बीते एक माह से लगातार धूप में काम कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि लू की चपेट में आने से उसकी मृत्यु हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद वस्तुस्थिति स्पष्ट होगी।सिविल लाइन रामपुर थानांतर्गत खरमोरा में जगदेव यादव 58 वर्ष परिवार सहित निवास करता था। पेशे से राजमिस्त्री का काम करने वाला जगदेव बीते एक माह से खरमोरा में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था। वह प्रतिदिन की तरह करीब आठ बजे घर से काम करने निकला। वह निर्माण स्थल पर पहुंचने के बाद बैठा हुआ था। थोड़ी देर बाद जैसे ही जगदेव खड़ा हुआ, वह लड़खड़ाकर गिर गया।
जिसकी जानकारी मौके पर मौजूद उसके साले ने स्वजनों को दी। वह अपने जीजा को बिना समय गंवाएं मेडिकल कालेज अस्पताल दाखिल कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया। इस दौरान मृतक के पुत्र ने बताया कि उसके पिता पूरी तरह से स्वस्थ थे। वे बीते एक माह से तेज धूप में भी मकान निर्माण का काम कर रहे थे। संभवतः उनकी मौत लू की चपेट में आने से हुई होगी। हालांकि इस बात की पुष्टि चिकित्सकों ने नहीं की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की वास्तविक जानकारी सामने आएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















