बागेश्वर बाबा की कथा स्थल रही जमीन पर कब्जा, प्रशासन ने ढहाए अवैध निर्माण

27 प्रकरणों में बेदखली की कार्रवाई,रसूखदारों के कब्जे की चर्चा

कोरबा। जिस शासकीय जमीन पर कुछ माह पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमत कथा का आयोजन हुआ था, उसी जमीन पर कथित अतिक्रमण के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है। कटघोरा अनुविभाग के बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत ढपढप-अरदा में राजस्व विभाग की टीम ने अवैध निर्माण हटाकर जमीन को कब्जे में लिया।

मौके पर शासकीय संपत्ति का बोर्ड भी लगाया गया है। जमीन पर कब्जे को लेकर रसूखदारों और राजनीतिक संरक्षण की चर्चाएं भी सामने आई थीं, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बागेश्वर बाबा की हनुमत कथा के आयोजन के दौरान और उसके बाद अरदा की इस जमीन को लेकर चर्चाएं होती रही थीं। अब शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जे की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे के निर्देश पर तहसीलदार सूर्यप्रकाश केशकर, नायब तहसीलदार अमरदीप अंचल, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची।

राजस्व विभाग के अनुसार, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े कुल 27 प्रकरणों में बेदखली आदेश जारी किए गए थे। आदेशों के पालन में मौके पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अवैध निर्माण को ढहाकर संबंधित जमीन को शासकीय कब्जे में लिया गया और वहां सरकारी संपत्ति का बोर्ड लगाया गया।

क्या कटघोरा के दूसरे गांवों में भी चलेगा अभियान?
अरदा में हुई कार्रवाई ने क्षेत्र में शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण के मामलों को फिर चर्चा में ला दिया है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन का अभियान अरदा तक ही सीमित रहेगा या कटघोरा अनुविभाग के दूसरे गांवों में भी सरकारी जमीनों पर हुए कब्जों की जांच और बेदखली की कार्रवाई होगी?

जिले में इससे पहले भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई है, लेकिन कई स्थानों पर शासकीय भूमि से जुड़े कब्जों के मामले अब भी सामने आते रहे हैं। अरदा में कार्रवाई के बाद अब प्रशासन के अगले कदम पर निगाहें टिकी हैं।