बिंझरा रेलवे स्टेशन के पास से चोरी हुआ जॉन डियर ट्रैक्टर गोरेला-पेंड्रा-मरवाही के गिरारी गांव से बरामद
कोरबा। रेलवे निर्माण कार्य में लगी कंपनी का करीब 14 लाख रुपए कीमत का जॉन डियर ट्रैक्टर चोरी कर दूसरे जिले में छिपाने के मामले में कटघोरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। चोरी का ट्रैक्टर गोरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गिरारी से जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे निर्माण कार्य में लगी कंपनी का ट्रैक्टर बिंझरा रेलवे स्टेशन के पास कार्यस्थल पर खड़ा था। चालक ट्रैक्टर को वहां छोड़कर चले गए थे। बाद में ट्रैक्टर मौके से गायब मिला। कंपनी की ओर से इसकी शिकायत कटघोरा थाने में दर्ज कराई गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बिना चाबी ट्रैक्टर को डायरेक्ट कर चोरी करने और दूसरे जिले में ले जाकर छिपाने की जानकारी दी।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस टीम गोरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गिरारी पहुंची, जहां से चोरी का जॉन डियर ट्रैक्टर बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
