आगजनी-भूस्खलन की स्थिति में कैसे बचेंगे लोग? गेवरा खदान में सीआईएसएफ का मेगा मॉक ड्रिल

कोरबा।खदान में भूस्खलन हो जाए या आगजनी की घटना सामने आए, तो राहत और बचाव दल कितनी तेजी से मोर्चा संभालेंगे? इसी तैयारी को परखने के लिए एसईसीएल की गेवरा खदान में सीआईएसएफ ने मेगा मॉक ड्रिल-2026 आयोजित की। अभ्यास में 269 अधिकारी-जवानों ने हिस्सा लेकर आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव, राहत और समन्वित कार्रवाई का प्रदर्शन किया।

सीआईएसएफ की एसईसीएल बिलासपुर इकाई के नेतृत्व में आयोजित संयुक्त अभ्यास में भूस्खलन और आगजनी की काल्पनिक परिस्थितियां निर्मित की गईं। इसके बाद विभिन्न सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावितों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, आग बुझाने और जरूरत पड़ने पर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रियाओं का अभ्यास किया।

इस संयुक्त मॉक ड्रिल में सीआईएसएफ की एनडीआरएफ टीम, एसईसीएल प्रबंधन, सुरक्षा दल, रेस्क्यू टीम कुसमुंडा, अग्निशमन दल, नेहरू अस्पताल, त्रिपुरा स्टेट राइफल्स, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), राज्य अग्निशमन दल तथा एनसीसी कोरबा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान आपातकालीन संचार व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों के इस्तेमाल और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को परखा गया।

सीपीआर का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

मॉक ड्रिल के दौरान सीआईएसएफ की एनडीआरएफ टीम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। हृदय गति रुकने की स्थिति में सीपीआर देने की प्रक्रिया, सही तकनीक और समय पर प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने के महत्व को समझाया गया।

आपदा में त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारी
अभ्यास का उद्देश्य खदान क्षेत्र में संभावित दुर्घटनाओं और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जान-माल के नुकसान को कम करना, बचाव दलों की कार्यक्षमता परखना और संबंधित एजेंसियों की तैयारी मजबूत करना था। संयुक्त अभ्यास के जरिए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि वास्तविक आपातकाल में सभी एजेंसियां अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप त्वरित और समन्वित कार्रवाई कर सकें।