100 हादसे, 60 मौतें… कटघोरा- अंबिकापुर हाईवे के 10 खतरनाक मोड़ चिह्नित

कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। इस साल अब तक कटघोरा और बांगो थाना क्षेत्र में इस मार्ग पर 100 से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 60 से ज्यादा लोगों की जान गई है। हादसों की रोकथाम के लिए किए गए संयुक्त निरीक्षण में राजमार्ग के 10 प्रमुख दुर्घटनाजन्य स्थल (ब्लैक स्पॉट) चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, रेडियम मार्किंग और अन्य सुरक्षा इंतजामों की कमी सामने आई है।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले की प्रमुख सड़कों का संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए थे।

इसके पालन में पुलिस, परिवहन विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम ने कटघोरा-अंबिकापुर राजमार्ग का निरीक्षण किया। टीम ने ऐसे 10 स्थानों की पहचान की, जहां सड़क की स्थिति और सुरक्षा सुविधाओं की कमी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है।
अंधेरे मोड़, खराब सड़क और संकेतकों की कमी

चकचकवा चौक से चंदनपुर होते हुए केंदई तक राजमार्ग की पड़ताल में कई खामियां सामने आईं। तानाखार चौराहा (नवतराई मोड़) पर दोनों ओर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं। तानाखार पुल पर सड़क की खराब स्थिति और प्रकाश व्यवस्था का अभाव है। पोड़ी-बाजार में मोड़ और सड़क किनारे उगी झाड़ियां वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण हैं, जबकि जटगा मोड़ पर रात में अंधेरा रहता है।

केंदई हसदेव घाट और केंदई क्षेत्र में भी प्रकाश व्यवस्था व संकेतक बोर्ड की कमी सामने आई। यहां सोलर लाइट और रेडियम संकेतक लगाने की जरूरत बताई गई। गोल्डन आइलैंड पर रोशनी और संकेतक बोर्ड नहीं हैं। कटघोरा बायपास पर हाईमास्ट सोलर लाइट व कैटआई, रामपुर कॉलेज के पास खतरनाक मोड़ पर स्ट्रीट लाइट और कैटआई तथा आमाखोखरा टी-जंक्शन पर प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की गई।

लालघाट हादसे ने फिर उजागर की सुरक्षा की कमी
मंगलवार रात लालघाट के पास अंधेरे में स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में बांगो निवासी की मौत हो गई। हादसे ने राजमार्ग पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को फिर उजागर किया। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद कई स्थानों पर जरूरी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा रामगोपाल करियारे ने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को पहले जारी निर्देशों के पालन की जानकारी ली जाएगी। विभागों के साथ समन्वय कर प्रमुख सड़कों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।