संविदा शिक्षक भर्ती :76 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन

27 नवंबर को काउंसलिंग के बाद जारी होंगे पदस्थापना आदेश

कोरबा। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 76 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। भर्ती के लिए कुल 82 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 6 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

जिले के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा शिक्षकों के 87 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम 16 नवंबर को घोषित किया गया था। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए सूचना जारी की गई।

बुधवार को अधिकारियों की मौजूदगी में अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चयन की अगली कड़ी में 27 नवंबर को काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसके आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे।