कॉरपोरेट कम्युनिकेशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए बालको को एसोचैम ने किया सम्मानित

बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) को कॉरपोरेट कम्युनिकेशन और जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए एसोचैम ने सम्मानित किया है। कंपनी की प्रभावी संचार पहलों और उसकी उपलब्धियों, गतिविधियों एवं विकास यात्रा को विभिन्न हितधारकों तक पहुंचाने के प्रयासों को इस सम्मान के जरिए सराहना मिली है।

बालको ने औद्योगिक क्षेत्र में संचार को केवल कंपनी और उसके कर्मचारियों तक सीमित न रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने पर जोर दिया है। इसके तहत कर्मचारियों से संवाद, समुदाय के साथ जुड़ाव और विभिन्न विषयों पर सरल, प्रासंगिक एवं विश्वसनीय जानकारी साझा करने के लिए व्यापक संचार व्यवस्था विकसित की गई है।

कोलकाता में आयोजित एसोचैम मैन्युफैक्चरिंग कॉन्क्लेव एवं बिजनेस एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 में यह पुरस्कार ब्रिटिश उप उच्चायुक्त डॉ. एंड्रयू फ्लेमिंग ने प्रदान किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के एमएसएमई, वस्त्र एवं कृषि विपणन विभाग के राज्य मंत्री अशोक डिंडा भी उपस्थित रहे।

कंपनी अपने विभिन्न संचार माध्यमों से करीब 8 हजार कर्मचारियों और बिजनेस पार्टनर्स से जुड़ी है। वहीं, समुदाय के 2.5 लाख से अधिक लोगों तक उसकी पहुंच है। इसके अलावा औद्योगिक विकास, सतत विकास (सस्टेनेबिलिटी) और क्षेत्रीय प्रगति जैसे विषयों पर लेखों, विशेषज्ञों के विचारों और मीडिया संवाद के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

बालको के इन प्रयासों का उद्देश्य कंपनी की गतिविधियों और औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक विकास में उसके योगदान को लोगों तक पहुंचाना और विभिन्न हितधारकों के साथ मजबूत संवाद स्थापित करना है।