स्काउट्स-गाइड्स की पहल से रोपे गए तुलसी, नीम, गिलोय, आंवला और कालमेघ सहित कई औषधीय पौधे
कोरबा।पर्यावरण संरक्षण और औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने कोरबा के नवदृष्टि प्रशांति वृद्धाश्रम में हर्बल गार्डन विकसित करने की पहल की है। जलवायु परिवर्तन पर युवा नेतृत्व वाली ग्रीन इंडिया पहल के तहत स्काउट्स और गाइड्स ने वृद्धाश्रम परिसर की खाली जगह को औषधीय पौधों से सुसज्जित करने का काम शुरू किया है।
इस परियोजना का नेतृत्व असिस्टेंट गाइड कैप्टन अंकिता सामल ने अपनी गाइड कंपनी के सदस्यों के सहयोग से किया। पहल की शुरुआत वृद्धाश्रम परिसर में उपयुक्त स्थान के निरीक्षण से हुई। इसके बाद स्काउट्स-गाइड्स ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया और जमीन को पौधरोपण के अनुकूल तैयार किया। रोपे गए पौधों को सुरक्षित रखने के लिए चारों ओर हरे रंग की जाली भी लगाई गई।
सनराइज स्कूल, कृष्णानगर की प्राचार्य एवं गाइड कैप्टन पूर्णिमा भट्टाचार्य के सहयोग तथा वृद्धाश्रम प्रबंधन की अनुमति और सहभागिता से यहां विभिन्न औषधीय एवं उपयोगी पौधे लगाए गए। इनमें तुलसी, पुदीना, नीम, गिलोय, आंवला, कालमेघ और हल्दी सहित कई पौधे शामिल हैं।
इस पहल से वृद्धाश्रम परिसर में हरियाली बढ़ने के साथ औषधीय पौधों के संरक्षण और उनके महत्व के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा। स्काउट्स-गाइड्स की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं की जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता का उदाहरण है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
