जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ने ग्राम पंचायत को गोद लेकर आदर्श गांव बनाने का लिया संकल्प,मॉडल आंगनबाड़ी सहित बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा जोर
कोरबा-करतला। करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत पहाडग़ांव को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा ने पंचायत को गोद लेकर ऐसा विकास करने का संकल्प लिया है कि आने वाले समय में आसपास के गांवों के लोग यहां की व्यवस्थाएं देखने पहुंचें। इसके लिए गुजरात और राजस्थान के विकसित गांवों से प्रेरणा लेने की बात कही गई है।
पंचायत भवन में आयोजित बैठक में मनोज झा ने पहाडग़ांव को गोद लेने की घोषणा करते हुए गांव की बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता से दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र को मॉडल आंगनबाड़ी के रूप में विकसित करने की बात कही। साथ ही स्पष्ट किया कि गांव का समग्र विकास जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की साझा भागीदारी से ही संभव है।
बैठक में मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों तथा पंचायत प्रतिनिधियों से गांव की जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली गई। पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा कर इनके समाधान के लिए प्राथमिकता से प्रयास करने की बात कही गई।
जनपद उपाध्यक्ष ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ की 11,693 ग्राम पंचायतों और 146 जनपद पंचायतों में पहाडग़ांव ऐसी पहली पंचायत होगी, जिसे किसी जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ने गोद लेकर आदर्श ग्राम बनाने का संकल्प लिया है। अब ग्रामीणों को इस पहल के जमीन पर उतरने और गांव की तस्वीर बदलने का इंतजार है।
बैठक में सरपंच अमेरिका बाई कंवर, उपसरपंच टीकम सिंह, राकेश यादव, विकासखंड विकास एवं विस्तार अधिकारी यशवंत बघेल, महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी कीर्ति कुरियन जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल वर्मा, करारोपण अधिकारी दादू सिंह पैकरा, इंजीनियर संतोष नायर, पंचायत सचिव प्रकाश देवांगन, रोजगार सहायक भोजराम कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
