5.63 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन,सीसी रोड और नालियों का होगा निर्माण

मंत्री लखनलाल और महापौर संजू देवी राजपूत ने किया शुभारंभ

कोरबा।नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 20 में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए 5 करोड़ 63 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सीसी रोड, स्ट्रॉम वाटर ड्रेन और नाली निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।

इन कार्यों में सबसे बड़ी परियोजना बालको मुख्य मार्ग स्थित ढेंगुरनाला छठघाट से सीधे दर्री मुख्य सड़क तक सीसी रोड निर्माण की है। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 3 करोड़ 48 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी।

इसी तरह साकेत भवन से बालको रोड तक 1 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से स्ट्रॉम वाटर ड्रेन का निर्माण कराया जाएगा। पथर्रीपारा में बंटी साहू के घर से पुष्पेंद्र साहू के घर तक तथा मंदाकिनी साहू के घर से तालाब तक 25 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड बनाई जाएगी।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल क्रमांक-2 क्षेत्र में आसना बानो के घर से किशोर के घर के सामने होते हुए अवधेश किराना स्टोर तक 20 लाख रुपए की लागत से दोनों ओर रोड ढलाई और नाली निर्माण कराया जाएगा। वहीं सामुदायिक भवन के पीछे से आश्रम के पीछे तक 15 लाख रुपए की लागत से नाली बनाई जाएगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, अजय गोंड़, ममता यादव, पार्षद चंद्रलोक सिंह और राकेश वर्मा सहित भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, आरिफ खान, भुवनेश्वर तिवारी, जयगोविंद, अनिल यादव, मिलाप बरेठ, गोमदी गेंदरे, सुभाष राठौर, बंटी साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।