ओपन थिएटर घंटाघर में धर्मसेना का हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह एवं सनातनी सम्मेलन
21 श्रेणियों में धर्म, संस्कृति, गौसेवा और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वालों के सम्मान की पहल; शंखनाद और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ शुभारंभ
कोरबा। शहर के घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में रविवार को धर्मसेना एवं मातृशक्ति छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह एवं सनातनी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सुबह से ही आयोजन स्थल पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक उत्साह, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का संदेश प्रमुखता से सामने आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ टीम चरक के शंखनाद से हुआ। इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
शंखध्वनि और हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से ओपन थिएटर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज, दीदी मां प्रज्ञा भारती, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, डॉ. अशोक हरिवंश, आचार्य राकेश महाराज, पंडित अजय उपाध्याय महाराज और आयोजन की सूत्रधार अंजू गभेल सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे।
संतों और अतिथियों ने अपने संबोधनों में सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता, जनजातीय समाज की पहचान, धर्मांतरण और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण जैसे विषयों पर विचार रखे। वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने तथा सामाजिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

संतों ने धर्म और संस्कृति के संरक्षण का किया आह्वान
आचार्य राकेश महाराज ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और धर्मरक्षा के इतिहास में संतों एवं संन्यासियों के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद महाराज सहित धर्म और संस्कृति के लिए कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए समाज से अपने इतिहास और महापुरुषों के बलिदान से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के जनजातीय क्षेत्रों में चलाए गए घर वापसी अभियान का भी उल्लेख किया और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण पर जोर दिया।
डॉ. अशोक हरिवंश ने छत्तीसगढ़ सहित मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड के संदर्भ में जनजातीय समाज की स्थिति, सामाजिक-शैक्षणिक प्रतिनिधित्व और धर्मांतरण के मुद्दे पर विचार रखे। उन्होंने जनजातीय समाज के नेता कार्तिक उरांव की पुस्तक ‘बीस वर्ष की काली रात’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें धर्मांतरण से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है।

उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं में जनजातीय वर्ग के प्रतिनिधित्व को लेकर भी चर्चा की और समाज को अपने अधिकारों एवं अवसरों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता बताई।
अपने संबोधन में उन्होंने जनगणना के आंकड़ों का हवाला देते हुए जनसंख्या के अनुपात में आए बदलाव पर चिंता जताई। साथ ही वसुधैव कुटुंबकम और भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख किया।
प्रबल प्रताप जूदेव ने एक लाख घर वापसी का लक्ष्य बताया
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कोरबा से अपने परिवार के पुराने संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जब जांजगीर लोकसभा क्षेत्र से सांसद थे, तब कोरबा भी उसी संसदीय क्षेत्र का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि कोरबा की जनता ने उनके पिता को भरपूर स्नेह और सम्मान दिया था।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि उनके पिता ने राजसी जीवन छोड़कर सनातन धर्म के संरक्षण और जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान के लिए काम किया। उन्होंने घर वापसी अभियान के दौरान लोगों का चरण पखारकर और तिलक लगाकर स्वागत करने की परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने धर्मांतरण को सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए इसे ‘धर्मांतरण से राष्ट्रांतरण’ बताया और समाज से संगठित होने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लाए गए छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक का भी उल्लेख किया। उन्होंने अगले वर्ष पूरे छत्तीसगढ़ में एक लाख से अधिक लोगों की घर वापसी का लक्ष्य रखने की बात कही और इस दिशा में संत समाज तथा सामाजिक संगठनों से सहयोग का आह्वान किया।
दीदी मां प्रज्ञा भारती ने समाज को जागरूक होने का दिया संदेश
दीदी मां प्रज्ञा भारती ने अपने संबोधन में हिंदू समाज से अपनी सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को समझने का आह्वान किया। उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के घर वापसी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू किए गए कार्यों को प्रबल प्रताप सिंह जूदेव आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह केवल सम्मान का आयोजन नहीं, बल्कि समाज की चेतना को जागृत करने का अवसर है। गौसेवा, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में जुटे लोगों के योगदान को याद करते हुए उन्होंने समाज से ऐसे कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं यहां केवल भाषण देने नहीं, बल्कि आपकी चेतना को झकझोरने आई हूं। उठो, जागो और पहचानो कि तुम कौन हो।”
उन्होंने भारतीय ऋषि परंपरा, क्षत्रिय शौर्य, गंगा, हिमालय और सनातन संस्कृति की गौरवशाली विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों तक संस्कृति और संस्कार पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने धर्मसेना और मातृशक्ति के युवाओं के प्रयासों की सराहना की तथा आयोजन की सूत्रधार अंजू गभेल के समर्पण और सक्रियता का उल्लेख किया। डॉ. अशोक हरिवंश के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की भी प्रशंसा की।
स्वामी अनिलानंद महाराज ने सामाजिक एकता और समानता पर दिया जोर
महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने अपने संबोधन की शुरुआत छत्तीसगढ़ की भूमि और माता शबरी के प्रेम को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि माता शबरी की श्रद्धा और प्रेम के आकर्षण से वे इस प्रदेश में आए हैं। उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के योगदान को याद करते हुए बच्चों में ऐसे संस्कार विकसित करने की बात कही, जिससे वे अपने माता-पिता और पूर्वजों का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने डॉ. अशोक हरिवंश के राम मिलेंगे आश्रम से जुड़े कार्यों की सराहना की और भगवान श्रीराम की भक्ति के आदर्श के रूप में हनुमान जी के समर्पण, सेवा और निष्ठा का उल्लेख किया। सनातन परंपरा की प्रकृति पर विचार रखते हुए उन्होंने सूर्य, वायु, जल और प्रकृति के प्रति सम्मान तथा समस्त जीव-जगत के प्रति करुणा को भारतीय संस्कृति की विशेषता बताया।
धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग आर्थिक और अन्य प्रलोभन देकर सीधे-साधे लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने लोगों को ऐसे प्रलोभनों से सावधान रहने की बात कही। साथ ही स्पष्ट किया कि धर्म और संस्कृति के संरक्षण का दायित्व केवल संतों या सामाजिक कार्यकर्ताओं का नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का है।
स्वामी अनिलानंद महाराज ने जातिगत भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ भी आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि समाज में किसी को जाति के आधार पर बड़ा या छोटा नहीं माना जाना चाहिए। यदि कहीं छुआछूत या भेदभाव की स्थिति है तो उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने सामाजिक समानता और एकजुटता पर जोर देते हुए लोगों से गांव-मोहल्लों में आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। संबोधन के समापन पर उन्होंने ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ का संदेश देते हुए सभी के कल्याण की कामना की।
21 श्रेणियों में सम्मान की रूपरेखा
सम्मेलन में धर्म, संस्कृति, गौसेवा और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संगठनों को 21 श्रेणियों में सम्मानित करने की रूपरेखा रखी गई। इनमें गौ सेवक एवं गौ रक्षक, मठ-मंदिरों के पुजारी, कथा वाचक, रामायण एवं भजन मंडलियां, सुंदरकांड मंडलियां, गणेश एवं दुर्गा उत्सव समितियां, समाज प्रमुख, धार्मिक संगठन, योग आचार्य, भारतीय सेना के जवान और विभिन्न सांस्कृतिक समितियां शामिल हैं।
धर्मसेना एवं मातृशक्ति छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों एवं संगठनों को एक मंच पर लाना रहा।
हजारों लोगों की सहभागिता और संतों एवं अतिथियों के संबोधनों के साथ कार्यक्रम में संस्कृति संरक्षण, सामाजिक समानता, गौसेवा और सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
