घने कोहरे की आगोश में कोरबा, औद्योगिक चिमनियां भी हुईं ओझल

लगातार बारिश के बाद तीसरे दिन बदला मौसम का मिजाज, सुबह आठ बजे तक छाई रही धुंध; कुछ मीटर दूर देखना भी हुआ मुश्किल

कोरबा। लगातार दो दिनों तक हुई बारिश के बाद कोरबा में मौसम ने अचानक करवट ली। तीसरे दिन सुबह पूरा शहर घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटा नजर आया। चारों ओर छाई धुंध के कारण दृश्यता इतनी कम हो गई कि कुछ मीटर दूर तक देख पाना भी मुश्किल हो रहा था। औद्योगिक संयंत्रों की ऊंची-ऊंची चिमनियां तक कोहरे में ओझल हो गईं। सुबह का नजारा ऐसा था, मानो कोरबा किसी पहाड़ी पर्यटन स्थल में तब्दील हो गया हो।

सुबह से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह आठ बजे के बाद भी धुंध का असर बना हुआ था। सड़कों, पेड़-पौधों और इमारतों पर कोहरे की सफेद परत नजर आ रही थी। हालांकि, धीरे-धीरे धूप निकलने के साथ कोहरा छंटने लगा और दृश्यता सामान्य होने लगी।

मौसम के इस बदले मिजाज ने लोगों को खासा आकर्षित किया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने ठंडी हवाओं और धुंध के बीच मौसम का आनंद लिया। कई वर्षों बाद इतना घना कोहरा देखने की बात कहते हुए स्थानीय लोगों ने शहर के खूबसूरत नजारों को मोबाइल कैमरों में कैद किया। जगह-जगह लोग चाय की चुस्कियों के साथ सुहाने मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए।

खेल मैदानों में भी दिखा कोहरे का असर
घने कोहरे का असर सुबह की खेल गतिविधियों पर भी पड़ा। क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ियों को मैदान में दृश्यता कम होने के कारण परेशानी हुई। खिलाड़ियों के मुताबिक, धुंध इतनी घनी थी कि गेंद तक साफ दिखाई नहीं दे रही थी। इसके चलते अभ्यास शुरू करने में देरी हुई।

वाहन चालकों को जलानी पड़ी हेडलाइट
रेलवे स्टेशन, टीपी नगर बस स्टैंड और पुराना बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्रियों ने भी सुबह घने कोहरे का सामना किया। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सावधानीपूर्वक वाहन चलाना पड़ा। बसों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी हल्का असर नजर आया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरा घना हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी और प्रदूषण से कुछ राहत महसूस हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने के आसार भी हैं।