चौथी रेल लाइन के काम से दिसंबर में प्रभावित रहेंगी कोरबा की ट्रेनें, कई रद्द तो कुछ बिलासपुर तक चलेंगी

चांपा स्टेशन पर 6 से 18 दिसंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग और ऑटो सिग्नलिंग का कार्य; कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस 7 से 18 दिसंबर तक पैसेंजर बनकर चलेगी

कोरबा। बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना को अंतिम रूप देने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 6 से 18 दिसंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग का काम होगा। साथ ही चांपा-जांजगीर नैला रेलखंड में ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी। इस कार्य के चलते कोरबा से चलने और गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें निर्धारित अवधि में रद्द रहेंगी, जबकि कुछ का परिचालन बिलासपुर तक सीमित किया जाएगा। कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है।

रेलवे के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच लगभग 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने से इस व्यस्त रेल मार्ग की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन अधिक सुगम होगा तथा भविष्य में अतिरिक्त यात्री ट्रेनें चलाने के लिए भी रेल मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।

यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। हालांकि, इस अवधि में भी कुछ तिथियों पर इसके प्रस्थान समय में बदलाव रहेगा।

ये पैसेंजर और मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द

रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204): 6 से 17 दिसंबर तक रद्द रहेगी।

कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203): 7 से 18 दिसंबर तक रद्द रहेगी।

बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू (68732/68731): 7 से 18 दिसंबर तक रद्द रहेगी।

बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू (68734/68733): 7 से 18 दिसंबर तक रद्द रहेगी।

एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन भी होगा प्रभावित
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237): 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा के बजाय बिलासपुर से प्रारंभ होगी। इस दौरान कोरबा-बिलासपुर के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस (18518): 6 से 17 दिसंबर तक बिलासपुर में ही समाप्त होगी। कोरबा-बिलासपुर के बीच नहीं चलेगी।
कोरबा-विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस (18517): 7 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर से प्रारंभ होगी। कोरबा-बिलासपुर के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस (18249): 11 से 15 दिसंबर तक निर्धारित समय से दो घंटे देरी से रवाना होगी।
कोरबा-इतवारी शिवनाथ एक्सप्रेस (18239): 13, 14 और 15 दिसंबर को एक घंटे देरी से रवाना होगी।

उत्कल एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव
योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस (18478): 10 से 12 दिसंबर तक नौ घंटे देरी से रवाना होगी।
पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस (18477): 12 से 14 दिसंबर तक सात घंटे देरी से रवाना होगी।

रेलवे ने बताया है कि नॉन-इंटरलॉकिंग और ऑटो सिग्नलिंग से जुड़े कार्यों के कारण अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ सकता है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति, निर्धारित समय और परिचालन संबंधी नवीनतम जानकारी रेलवे से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद अनावश्यक परेशानी न हो।