32 हजार रुपये नकद, दो बाइक और पांच मोबाइल जब्त
कोरबा। जिले में जुआ-सट्टा सहित अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पसान पुलिस ने ग्राम तेलियामार में जुए के फड़ पर दबिश देकर 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 32 हजार रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन सहित करीब 1 लाख 83 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को ग्राम तेलियामार में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर पसान थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कथित तौर पर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पकड़कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
नकदी, बाइक और मोबाइल सहित 1.83 लाख की जब्ती
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 52 पत्ती ताश, जुए में लगाई गई 32 हजार रुपये की नकदी और एक लाल गमछा जब्त किया गया।
इसके अलावा दो मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये तथा पांच मोबाइल फोन की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त नकदी और सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 1 लाख 83 हजार रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम शैलेंद्र जेम्स (45), कपिल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेंद्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुंजूर (25), शौभमन (41), चन्द्रभान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समार (31), अनुराग वर्मा (30) और सहदेव आमों (45) हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पसान थाना क्षेत्र के पसान, तेलियामार, बैरा, बनखेता सहित आसपास के गांवों के निवासी हैं।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई जारी रखने का दावा
पसान पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। तेलियामार में की गई कार्रवाई को इसी अभियान का हिस्सा बताया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
