कोरबा राज्योत्सव में बालको ने प्रस्तुत की औद्योगिक और सामुदायिक विकास की झलक

बालकोनगर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कोरबा राज्योत्सव-2026 में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने पैवेलियन के माध्यम से औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और सामुदायिक विकास की पहल को प्रदर्शित किया। पैवेलियन में एल्युमिनियम उत्पादन की आधुनिक प्रक्रिया और सतत विकास के प्रयासों के साथ कंपनी की विभिन्न सामाजिक परियोजनाओं की जानकारी दी गई।

राज्योत्सव के मुख्य अतिथि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला प्रशासन के अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने बालको पैवेलियन का भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने कंपनी की औद्योगिक गतिविधियों और सामुदायिक विकास से जुड़ी पहलों की जानकारी ली।

कौशल विकास से महिला सशक्तिकरण तक की पहल
बालको पैवेलियन में कंपनी की प्रमुख सामाजिक विकास परियोजनाओं उन्नति, मोर जल मोर माटी, वेदांता स्किल स्कूल, कनेक्ट कोचिंग प्रोग्राम, कोसाकरी, नंदघर और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदर्शित किया गया। इनके माध्यम से युवाओं के कौशल विकास, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, किसानों को टिकाऊ कृषि से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के प्रयासों की जानकारी दी गई।

कंपनी के अनुसार, वेदांता स्किल स्कूल के जरिए युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्नति परियोजना महिलाओं को उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित कर रही है, जबकि मोर जल मोर माटी पहल किसानों को सतत कृषि पद्धतियों और बेहतर आजीविका से जोड़ने पर केंद्रित है। मोबाइल हेल्थ वैन के माध्यम से भी समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

इसके अलावा शिक्षा, पारंपरिक हस्तशिल्प, ग्रामीण खेलों और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया।

पांच जिलों के 128 गांवों में पहुंच रहीं पहल
बालको की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और सतत आजीविका से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पांच जिलों कोरबा, कवर्धा, सरगुजा, रायगढ़ और रायपुर के 128 गांवों में 1.80 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बना रही है।

कोरबा से अपनी औद्योगिक यात्रा शुरू करने वाला बालको आज ऊर्जा, अधोसंरचना, परिवहन और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में भी सक्रिय है। राज्योत्सव में लगाए गए पैवेलियन के जरिए कंपनी ने अपनी औद्योगिक गतिविधियों के साथ स्थानीय समुदायों के विकास से जुड़ी पहलों को भी सामने रखा।