25 वर्ष की शैक्षणिक यात्रा का होगा उत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मेधावी विद्यार्थियों का किया जाएगा सम्मान
कोरबा। सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल, कोरबा अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 4 नवंबर को रजत जयंती समारोह आयोजित करने जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय का वार्षिक सांस्कृतिक आयोजन‘ ऋतुसंभरा- 2026’ भव्य रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम वार्ड क्रमांक 36, आईटीआई रामपुर स्थित विद्यालय परिसर में दोपहर 3:30 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक आयोजित होगा।
समारोह में प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. सुभा देशपांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान विद्यार्थी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, ‘ऋतुसंभरा’ विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, अनुशासन और उपलब्धियों को मंच देने का विशेष अवसर है। इस वर्ष रजत जयंती के आयोजन का महत्व इसलिए भी खास है, क्योंकि इसके माध्यम से विद्यालय की 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और विकास के सफर को भी याद किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों से समारोह में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
